जमशेदपुर: उलिडीह ओपी क्षेत्र के संकोसाई रोड नंबर-5 में मंगलवार देर रात एक महिला ने अपनी तीन नाबालिग बेटियों के साथ कथित रूप से जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया. समय रहते चारों को एमजीएम अस्पताल पहुंचा दिया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. फिलहाल सभी की स्थिति स्थिर बताई जा रही है.


महिला की पहचान पिंकी कुमारी के रूप में हुई है. घटना की जानकारी समाजसेवी विकास सिंह को मिली, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पहल करते हुए महिला और उसकी तीनों बेटियों को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया.
विकास सिंह के अनुसार, पिंकी के पति नालंदा अपने पैतृक गांव में रहकर खेती-बाड़ी करते हैं. संकोसाई में परिवार के दो अन्य भाई रहते हैं और उनके साथ आए दिन विवाद होने की बात सामने आई है. विकास सिंह ने आशंका जताई है कि पारिवारिक कलह के कारण महिला ने यह कदम उठाया होगा.
हालांकि घटना के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है. मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है, लेकिन फिलहाल पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है. पुलिस जांच के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.

