सरायकेला: सरायकेला-खरसावां मार्ग पर बुरुडी पुलिया के पास बाइक अनियंत्रित होकर गिरने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे में युवक के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं. घायल की पहचान गढ़वा निवासी पुपलेस बैठा के रूप में हुई है, जो श्री सीमेंट कंपनी में कार्यरत है.


मिली जानकारी के अनुसार, पुपलेस बैठा शाम को ड्यूटी समाप्त होने के बाद बाइक से अपने कमरे की ओर लौट रहा था. इसी दौरान बुरुडी पुलिया के समीप अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिर पड़ा. दुर्घटना में उसके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं.

घटना के बाद श्री सीमेंट की एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को तत्काल सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका इलाज जारी है.
इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद खरसावां पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है. पुलिस मामले की जांच करते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह (संपादक)

