आदित्यपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत मीरूडीह साप्ताहिक हाट में बीते रविवार को महिला की चाकू मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए उसके दूसरे पति विजय बानरा (26) को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त खून लगा चाकू, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया है.


पुलिस के अनुसार एक नवंबर की रात करीब 8:45 बजे मीरूडीह बस्ती में राधिका सवैया (32) पर चाकू से हमला किया गया था. गंभीर रूप से घायल राधिका को इलाज के लिए TMH में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मृतका के रिश्तेदार बसंती सिंकू के लिखित आवेदन पर आरआईटी थाना कांड संख्या 46/2026, दिनांक 02 नवंबर 2026, BNS की धारा 103(1) के तहत विजय बानरा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया.
पुलिस ने अनुसंधान के क्रम में प्राथमिक अभियुक्त विजय बानरा को गिरफ्तार कर लिया. उसकी निशानदेही/कब्जे से घटना में प्रयुक्त खून लगा चाकू, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया गया. पुलिस ने आरोपी की खून लगी शर्ट भी जब्त की है. आरोपी को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. गिरफ्तार विजय बानरा राजनगर थाना क्षेत्र के कुंडासोली गांव का रहने वाला है. पुलिस ने हत्या के पीछे के कारणों का विस्तृत उल्लेख नहीं किया है. मामले में आगे का अनुसंधान जारी है. कार्रवाई आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पाराशर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की.

