जामताड़ा: विजयादशमी के अवसर पर बुधवार सुबह जामताड़ा शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में धार्मिक परंपराओं के अनुसार घट विसर्जन किया गया. कोर्ट रोड, दुमका रोड, कायस्थ पाड़ा, न्यू टाउन और बाजार रोड स्थित दुर्गा मंदिर सहित शहर के सभी प्रमुख पूजा पंडालों से घट विसर्जन के लिए शोभायात्रा निकाली गई. पालकी में घट लेकर श्रद्धालु गाजे-बाजे और भक्तिमय माहौल के बीच नजदीकी तालाबों तक पहुंचे, जहां विधि-विधान के साथ घट का विसर्जन किया गया.


इस दौरान पूरा माहौल भक्तिमय और उत्सवी बना रहा. शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं और सुख-समृद्धि की कामना की. पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुए इस अनुष्ठान में श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखने को मिला.
विजयादशमी के मौके पर आयोजित घट विसर्जन के साथ ही शहर में दुर्गोत्सव की धार्मिक परंपराओं का एक महत्वपूर्ण चरण संपन्न हुआ. विभिन्न पूजा समितियों और श्रद्धालुओं की सहभागिता से पूरे शहर में उत्सव का माहौल बना रहा.
रिपोर्ट: मनीष बरनवाल

