जमशेदपुर: दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा के तमाम दावों के बीच कदमा थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास बीती देर रात जमकर हंगामा हुआ. पंडाल घूमने आए कुछ लोगों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और पथराव में बदल गया. आरोप है कि उपद्रवियों ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों को भी निशाना बनाया और परिसर में लगे CCTV कैमरों में तोड़फोड़ की.



स्थानीय लोगों के अनुसार विवाद में कदमा बस्ती के कुछ युवक शामिल थे, जिनके कथित रूप से नशे में होने की बात कही जा रही है. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. आरोप है कि एक पेट्रोल पंप कर्मचारी के सिर पर हमला किया गया, जिससे वह घायल हो गया. इस दौरान पत्थरबाजी और लाठी-डंडे चलने से आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.
सबसे गंभीर सवाल यह है कि दुर्गा पूजा को लेकर जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती और गश्ती के बीच पेट्रोल पंप जैसे संवेदनशील स्थान पर उपद्रवी बेखौफ होकर मारपीट, पथराव और तोड़फोड़ कैसे करते रहे ? घटना ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
फिलहाल घटना में शामिल लोगों की पहचान, घायलों की वास्तविक संख्या और पुलिस की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आनी बाकी है.

