सरायकेला: दुर्गा पूजा के अवसर पर कुचाई के बिरसा स्टेडियम में बिरसा क्लब की ओर से आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल महाकुंभ का रविवार को समापन हुआ. 64 टीमों के बीच हुए मुकाबलों में अवटी एंड सान्वी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम किया.



समापन समारोह में मुख्य अतिथि खरसावां विधायक दशरथ गागराई और समाजसेवी बासंती गागराई ने विजेता टीम को 2 लाख रुपये और उपविजेता बाबा एंड बाबा को 1.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया. तीसरे स्थान पर पोडाडीह और चौथे स्थान पर यंग फैन्स क्लब को 50-50 हजार रुपये, जबकि पांचवें से आठवें स्थान की टीमों को 25-25 हजार रुपये दिए गए.
इससे पूर्व विधायक दशरथ गागराई का कुचाई थाना परिसर से पारंपरिक आदिवासी नृत्य और गाजे-बाजे के साथ स्वागत किया गया. विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच और अवसर देने की है. उन्होंने सफल आयोजन के लिए बिरसा क्लब की सराहना की.

