आदित्यपुर: दुर्गा पूजा की महाष्टमी पर रविवार रात सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी आदित्यपुर पहुंचे. दोनों अधिकारियों ने विशेष वॉच टावर से क्षेत्र की सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था का जायजा लिया. इसके बाद प्रवीण सिंह सेवा संस्थान के पूजा पंडाल का भ्रमण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, पार्किंग और आवागमन की व्यवस्था देखी.



डीसी नीतीश कुमार सिंह ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग समेत अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखा गया है. एसपी मनोज स्वर्गियारी ने कहा कि त्योहार के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल मुस्तैद है.

आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने अधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि शीर्ष अधिकारियों के लगातार निरीक्षण से पूजा समितियों और श्रद्धालुओं में सुरक्षा व्यवस्था के प्रति भरोसा बढ़ा है.
निरीक्षण के दौरान एडीसी जयवर्धन कुमार, एसडीओ अभिनव प्रकाश, नगर आयुक्त एजाज अनवर, सीओ प्रवीण कुमार, आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार, आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पराशर सहित प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे.

