चांडिल: अनुमंडल क्षेत्र के सिरूम रूपरू में श्री श्री सार्वजनिक शारदीय दुर्गा पूजा की 101 वर्षों पुरानी परंपरा इस वर्ष भी उत्साह और श्रद्धा के साथ निभाई जा रही है. जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो और आंदोलनकारी सुनील महतो ने संयुक्त रूप से फीता काटकर दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन किया.


इस अवसर पर पूजा कमेटी की ओर से अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया. जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने कहा कि सिरूम रूपरू में दुर्गा पूजा की परंपरा वर्षों से चली आ रही है और इस वर्ष आयोजन का 101वां वर्ष है. यह क्षेत्र के लोगों की धार्मिक आस्था और समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है.
सिरूम तालाब से निकली कलश यात्रा
धार्मिक अनुष्ठान के तहत श्रद्धालुओं ने सिरूम तालाब से कलश उठाकर मंदिर तक यात्रा निकाली. इसके बाद पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना की गई. कलश यात्रा और पंडाल के उद्घाटन के साथ पूरे क्षेत्र में दुर्गोत्सव का उल्लास छा गया है. मां दुर्गा की आराधना को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है. इस मौके पर मुख्य रूप से पूजा कमेटी के अध्यक्ष हेमंत सिंह सरदार, अबनी कुमार मंडल, पुरुषोत्तम महतो, मुरलीधर कुमार और ग्रामीणों के साथ पूजा कमेटी के सदस्य उपस्थित थे.

