जमशेदपुर: झारखंड में क्षेत्रीय सिनेमा को बढ़ावा देने और उभरते फिल्मकारों को मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से झारखंड राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (JNFF) का सातवां संस्करण आयोजित होने जा रहा है. इसके तहत 22 और 23 अक्टूबर को बिष्टुपुर स्थित टाटा सेंटर फॉर एक्सीलेंस (CFE) ऑडिटोरियम में फिल्मों की स्क्रीनिंग और मास्टर क्लास आयोजित की जाएगी. इसमें विश्वविद्यालय एवं कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ सिनेमा में रुचि रखने वाले युवाओं को निःशुल्क प्रवेश मिलेगा.


अस्मा इंडिया चैरिटेबल ट्रस्ट और मित्रा प्रोडक्शन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित महोत्सव को लेकर आदित्यपुर स्थित अस्मा इंडिया कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन किया गया. संस्थापक संजय उदय सत्पथी, राजू मित्रा और महोत्सव निदेशक डॉ. शालिनी प्रसाद ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य युवाओं को फिल्म निर्माण की बारीकियों से परिचित कराने के साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और सिनेमा के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों से जोड़ना है.
90 फिल्मों की स्क्रीनिंग, झारखंड की भाषाओं और संस्कृति को प्राथमिकता
महोत्सव में कुल 90 फिल्मों की स्क्रीनिंग प्रस्तावित है. इनमें नागपुरी, संथाली, खोरठा और मुंडारी सहित झारखंड की विभिन्न भाषाओं, लोककला एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ी फिल्मों को प्रमुखता दी जाएगी. छऊ जैसी समृद्ध लोक परंपराओं को सिनेमा के माध्यम से व्यापक पहचान दिलाने की भी कोशिश होगी.
आयोजकों के अनुसार 22 और 23 अक्टूबर को CFE ऑडिटोरियम के कार्यक्रम के बाद 24 और 25 अक्टूबर को जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय में फिल्म स्क्रीनिंग एवं मास्टर क्लास होगी. 26 अक्टूबर को श्रीनाथ विश्वविद्यालय में फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा.
युवाओं के लिए सीखने का मौका
मास्टर क्लास में फिल्म निर्माण में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों और युवाओं को सिनेमा से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझने का अवसर मिलेगा. आयोजकों का मानना है कि इससे झारखंड के नए कलाकारों और फिल्मकारों को अपनी प्रतिभा निखारने तथा इस क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर दिशा मिल सकेगी.
महोत्सव के आगामी कार्यक्रमों के तहत बॉलीवुड और झॉलीवुड से जुड़े कलाकारों की मौजूदगी में XLRI सभागार में अवार्ड नाइट आयोजित करने की भी तैयारी है.
कार्यक्रम में निःशुल्क प्रवेश और अन्य जानकारी के लिए विद्यार्थी एवं फिल्म प्रेमी आदित्यपुर स्थित अस्मा इंडिया कार्यालय अथवा संबंधित विश्वविद्यालयों के हेल्प डेस्क से संपर्क कर सकते हैं.
महोत्सव के आयोजन में मुख्य संरक्षक भरत सिंह, संरक्षक सुखदेव महतो, डॉ. जे. एन. दास, पूर्वी घोष, अरुण बाकरेवाल, एडवाइजरी मेंबर पवन अग्रहरि के साथ नैंसी सिंह, शिवांगी सिंह, जॉय, कशिश जैन, नवीन प्रधान, राज प्रामाणिक, उदय साहू एवं JNFF टीम के अन्य सदस्य सहयोग कर रहे हैं.

