राजनगर: सरायकेला- खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड के प्रमुख चौक-चौराहों पर लगी हाईमास्ट लाइटें खराब होने से रात में अंधेरा पसरा रहता है. इससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है. अब झामुमो ने इस समस्या को उठाते हुए प्रशासन से जल्द हाईमास्ट लाइटों की मरम्मत कराने की मांग की है.


झामुमो के राजनगर प्रखंड अध्यक्ष रामसिंह हेम्ब्रम ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को आवेदन सौंपकर सिद्धू-कान्हू चौक की खराब हाईमास्ट लाइट की ओर ध्यान आकृष्ट कराया है. इसके अलावा गोविंदपुर और कुनाबेड़ा चौक पर भी हाईमास्ट लाइटों को दुरुस्त कराने की मांग की गई है.
अंधेरे में दुर्घटना का भी खतरा
झामुमो नेताओं का कहना है कि प्रमुख चौक-चौराहों पर पर्याप्त रोशनी नहीं रहने से रात में राहगीरों को परेशानी होती है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है. रामसिंह हेम्ब्रम ने जनहित को देखते हुए संबंधित अधिकारियों से जल्द पहल कर रोशनी की व्यवस्था बहाल कराने की मांग की.
आवेदन सौंपने के दौरान झामुमो केंद्रीय सदस्य विशु हेम्ब्रम, प्रखंड अध्यक्ष रामसिंह हेम्ब्रम, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष प्रकाश महतो, कला संस्कृति मोर्चा के जिला संगठन सचिव सिबिल देवगाम, प्रखंड अध्यक्ष धनु टुडू, सीताराम हांसदा और झामुमो प्रखंड उपाध्यक्ष शेखर महाकुड़ मौजूद रहे.
अब स्थानीय लोगों की निगाह प्रशासन पर है कि राजनगर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पसरे अंधेरे को दूर करने के लिए हाईमास्ट लाइटों की मरम्मत कब तक कराई जाती है.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल

