जामताड़ा: उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला शिक्षा स्थापना समिति की बैठक हुई. बैठक में शिक्षकों से जुड़े विभिन्न लंबित मामलों, सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले लाभ, वेतन भुगतान और प्रोन्नति से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई. उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को नियमों और न्यायालय के आदेशों के अनुरूप मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.


बैठक में वैसे शिक्षकों के मामलों पर विशेष रूप से विमर्श किया गया, जो 18 जुलाई 2019 से पहले सेवानिवृत्त हो चुके हैं और जिन्हें अब तक ग्रेड-1 का लाभ नहीं मिल पाया है. उपायुक्त ने माननीय उच्चतम न्यायालय के आदेश के आलोक में पात्र शिक्षकों को नियमानुसार लाभ देने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
इसके अलावा शिक्षकों के वेतन भुगतान तथा कुटुंब न्यायालय के आदेश के आलोक में वेतन से अंतरिम अलाउंस दिए जाने से जुड़े मामलों पर भी चर्चा हुई. अधिकारियों को संबंधित प्रावधानों और न्यायालय के आदेशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया.
कालबद्ध प्रोन्नति के लंबित मामलों पर भी चर्चा
बैठक में वृत्तिका पर नियुक्त शिक्षकों के मामले में माननीय उच्च न्यायालय के न्यायादेश के आलोक में छूटे हुए शिक्षकों को नियमानुसार प्रथम कालबद्ध प्रोन्नति देने के विषय पर भी विचार-विमर्श किया गया. इसके साथ ही शिक्षा विभाग से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की गई.
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि शिक्षकों से जुड़े मामलों का नियमानुसार निष्पादन किया जाए, ताकि पात्र शिक्षकों को उनके देय लाभ प्राप्त हो सकें. बैठक में उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

