एसपी शम्भु कुमार सिंह के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा, शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील


जामताड़ा: दुर्गापूजा पर्व-2026 के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर जामताड़ा पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. इसी क्रम में गुरुवार, 15 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह के निर्देशन एवं नेतृत्व में जामताड़ा, मिहिजाम, करमाटांड़ और नारायणपुर थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया. इसमें जिला पुलिस के पदाधिकारियों के साथ आईआरबी एवं क्यूआरटी के जवान शामिल हुए.
फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने आम जनता एवं पूजा पंडालों में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षा का भरोसा दिलाया. पुलिस बल ने विभिन्न क्षेत्रों में मार्च कर लोगों को यह संदेश दिया कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क है.
अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी नजर
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने आम लोगों से दुर्गापूजा का त्योहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की. लोगों से कहा गया कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और न ही भ्रामक सूचनाएं फैलाएं. किसी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय स्थिति की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करने की अपील भी की गई.
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य त्योहार के दौरान आम नागरिकों और श्रद्धालुओं के बीच सुरक्षा का विश्वास कायम रखना तथा जिले में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखना है.
वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल रहे शामिल
फ्लैग मार्च में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जामताड़ा वसीम रज़ा,पुलिस निरीक्षक सह प्रभारी जिला नियंत्रण कक्ष, जामताड़ा अब्दुल रहमान, जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो,परिचारी प्रवर अजीत दुबे, पुलिस केंद्र के परिचारी तथा संबंधित थाना क्षेत्रों के थाना प्रभारी, कनीय पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
पुलिस प्रशासन ने त्योहार के दौरान लोगों से आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील की, ताकि दुर्गापूजा का पर्व जिलेभर में शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

