बिहार कैडर के 1993 बैच के IPS अधिकारी हैं जितेंद्र कुमार, 31 मार्च 2030 तक या अगले आदेश तक संभालेंगे जिम्मेदारी


नई दिल्ली: भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के वरिष्ठ अधिकारी जितेंद्र कुमार को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) का नया महानिदेशक नियुक्त किया गया है. कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने रेल मंत्रालय के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. जितेंद्र कुमार बिहार कैडर के 1993 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और वर्तमान में बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के महानिदेशक (DG) के पद पर तैनात हैं.
जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, जितेंद्र कुमार रेलवे बोर्ड में रेलवे सुरक्षा बल के महानिदेशक का पदभार ग्रहण करने की तिथि से 31 मार्च 2030 तक, यानी उनकी सेवानिवृत्ति की तिथि तक, इस पद पर बने रहेंगे. हालांकि, यह नियुक्ति अगले आदेश तक भी सीमित रहेगी.
जितेंद्र कुमार वर्तमान महानिदेशक सोनाली मिश्रा, आईपीएस (मध्य प्रदेश कैडर, 1993 बैच) का स्थान लेंगे. सोनाली मिश्रा का कार्यकाल 31 अक्टूबर 2026 को पूरा हो रहा है. उनके कार्यकाल की समाप्ति के बाद जितेंद्र कुमार रेलवे सुरक्षा बल की कमान संभालेंगे.
रेलवे सुरक्षा बल भारतीय रेल की संपत्तियों की सुरक्षा, रेल यात्रियों की सहायता तथा रेलवे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. ऐसे में नए महानिदेशक की नियुक्ति को रेलवे सुरक्षा बल के नेतृत्व में होने वाले महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है.

