इंडिया न्यूज़ वायरल बिहार झारखंड की आशंका सच साबित, दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा


जामताड़ा: “पूजा पंडाल में आग लगी तो कौन बुझाएगा? जामताड़ा में पांच दमकल वाहन, कर्मचारी महज छह”—इंडिया न्यूज़ वायरल बिहार झारखंड ने इस शीर्षक से जिले की अग्निशमन व्यवस्था पर सवाल उठाए थे. अब मिहिजाम थाना क्षेत्र के चरकापहाड़ी स्थित नवदुर्गा पूजा पंडाल में आगजनी की घटना ने इन आशंकाओं को गंभीर बना दिया है.
बताया जा रहा है कि असामाजिक तत्वों ने पंडाल में आग लगाई. सूचना मिलते ही पुलिस इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान और थाना प्रभारी प्रदीप राणा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. दमकल वाहन ने आग पर काबू पाया, जिससे पूरा पंडाल जलकर खाक होने से बच गया. घटना में काफी नुकसान हुआ है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
गौरतलब है कि जिले के छह प्रखंडों के 1161 गांव और दो शहरी निकायों में 100 से अधिक स्थानों पर दुर्गापूजा पंडाल बनाए गए हैं, जबकि जिले में महज पांच दमकल वाहन और छह कर्मचारी उपलब्ध होने की बात सामने आई थी.
सवाल यह है कि अगर दमकल समय पर नहीं पहुंचता, तो नुकसान कितना बड़ा होता?
एक घटना टल गई, लेकिन सीमित संसाधनों की चुनौती बरकरार है. जिला प्रशासन को अब भीड़भाड़ वाले पूजा स्थलों पर अग्नि सुरक्षा, अतिरिक्त दमकल व्यवस्था और पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करनी चाहिए. श्रद्धालुओं की सुरक्षा केवल निर्देशों से नहीं, बल्कि ठोस इंतजामों से होगी.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

