कांड्रा: सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना अंतर्गत ओवरब्रिज के समीप गुरुवार अहले सुबह एक ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया. ट्रक का रजिस्ट्रेशन नंबर JH 09BC 8522 है. घटना में किसी के हताहत होने या जान-माल के अन्य नुकसान की सूचना नहीं है, हालांकि डिवाइडर पर लगे सिग्नल पिलर को क्षति पहुंची है.


प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि ट्रक की रफ्तार तेज होने और ओवरटेक करने के दौरान चालक का संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ होगा. हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
घटना के बाद ट्रक सड़क के बीच में ही खड़ा दिखाई दे रहा है. ऐसे में दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जल्द हटाना जरूरी है, ताकि आवागमन बाधित न हो और किसी अन्य सड़क दुर्घटना की आशंका से बचा जा सके.
इधर, कांड्रा थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है. हालांकि, खबर लिखे जाने तक ट्रक को सड़क से हटाने के लिए कोई स्पष्ट पहल नजर नहीं आ रही थी. अब देखना होगा कि पुलिस और संबंधित विभाग इस दिशा में कब तक कार्रवाई करते हैं.
सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल
कांड्रा ओवरब्रिज के समीप हुई इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को समय पर हटाने की व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं. स्थानीय लोगों की अपेक्षा है कि पुलिस जल्द से जल्द वाहन को हटवाकर यातायात सुचारु कराए और दुर्घटना के कारणों की जांच करे.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

