आदित्यपुर: थाना क्षेत्र अंतर्गत कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में 24 घंटे के भीतर दूसरी लाश मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई है. बुधवार सुबह करीब 6 बजे स्थानीय लोगों ने परिसर स्थित तालाब में एक व्यक्ति का शव तैरता देखा. इसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुटने लगी.


गौरतलब है कि मंगलवार को इसी कृषि विज्ञान केंद्र परिसर के खेत से एक युवक का शव बरामद हुआ था. उस दौरान आदित्यपुर थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की गई थी. अब 24 घंटे के भीतर उसी परिसर में दूसरी लाश मिलने की सूचना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
स्थानीय लोगों के बीच लगातार दो शव मिलने को लेकर भय और चिंता का माहौल है. लोग यह जानना चाहते हैं कि दोनों मौतों के पीछे क्या कारण है और दोनों घटनाओं के बीच कोई संबंध है या नहीं. हालांकि जांच से पहले दोनों घटनाओं को आपस में जोड़ना उचित नहीं होगा.
खबर लिखे जाने तक पुलिस टीम मौके पर नहीं पहुंची थी और शव तालाब से बाहर नहीं निकाला गया था. ऐसे में मृतक की पहचान, मौत के कारण और परिस्थितियों के बारे में आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस के मौके पर पहुंचने और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

