आरा: शहर में दुर्गा पूजा को लेकर उत्साह का माहौल है. जगह-जगह पूजा पंडालों का निर्माण किया जा रहा है और भक्त मां दुर्गा की आराधना की तैयारियों में जुटे हैं. इसी बीच नगर थाना क्षेत्र के भलुहीपुर स्थित खारा कुआं के समीप देर रात आगजनी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. अज्ञात असामाजिक तत्वों पर दो दुर्गा पूजा पंडालों और एक बाइक में आग लगाने का आरोप है.


बताया जा रहा है कि दोनों पूजा पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित करने की तैयारी चल रही थी. इसी दौरान रात के अंधेरे में पंडालों में आग लगा दी गई. आग की लपटें देखकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. वहीं, पंडाल के पास खड़ी एक बाइक को भी आग के हवाले कर दिया गया, जिससे बाइक जलकर खाक हो गई.
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए. आगजनी को लेकर लोगों में आक्रोश देखा गया और कुछ देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही. स्थानीय लोगों ने घटना में शामिल असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.
घटना की सूचना आरा नगर थाना पुलिस को दी गई. पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है. फिलहाल आगजनी के पीछे के कारणों और इसमें शामिल लोगों के बारे में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. घटना के बाद इलाके में सतर्कता बरतने और शांति बनाए रखने की जरूरत महसूस की जा रही है.

