जामताड़ा: साइबर अपराध के खिलाफ जामताड़ा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर पुलिस की टीम ने नारायणपुर और करमाटांड़ थाना क्षेत्र में अलग-अलग छापेमारी की. इस दौरान आरोपितों के पास से पांच मोबाइल फोन, 11 सिम कार्ड और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई. पुलिस के अनुसार, आरोपित फर्जी APK फाइल के माध्यम से लोगों की गोपनीय जानकारी हासिल कर देश के विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी करते थे.


गुप्त सूचना पर दो स्थानों पर छापेमारी
पुलिस उपाधीक्षक (साइबर अपराध) अमित रविदास के नेतृत्व में गठित टीम ने पहली कार्रवाई नारायणपुर थाना क्षेत्र के झिलुवा गांव में जोरिया किनारे स्थित श्मशान घाट के पास की. यहां से भीम मंडल (30), पिता स्वर्गीय हरि मंडल, निवासी झिलुवा को गिरफ्तार किया गया.
वहीं, दूसरी कार्रवाई करमाटांड़ थाना क्षेत्र के घषकोटांड़ जोरिया के निकट की गई. यहां से मोजाहिद अंसारी (37), पिता मानीरुद्दीन अंसारी, निवासी बिराजपुर और कुरबान अंसारी (26), पिता मरहूम खुदूश मियां, निवासी पतरोडीह को गिरफ्तार किया गया.
फर्जी APK फाइल से करते थे साइबर ठगी
पुलिस के अनुसार, आरोपित साइबर ठगी के लिए लोगों को अलग-अलग तरीके से निशाना बनाते थे. पहले तरीके में एलपीजी गैस उपभोक्ताओं को बिल अपडेट करने का झांसा दिया जाता था. इसके बाद उनके मोबाइल पर गैस बिल अपडेट करने के नाम से फर्जी APK फाइल भेजी जाती थी. फाइल इंस्टॉल करने के बाद मोबाइल में मौजूद गोपनीय जानकारी का दुरुपयोग कर ठगी की जाती थी.
दूसरे तरीके में लोगों को क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया कार्ड जारी करने का झांसा दिया जाता था. इसके बाद आरोपित मोबाइल पर APK फाइल डाउनलोड करने के लिए कहते थे. पुलिस के मुताबिक, इस माध्यम से क्रेडिट कार्ड से संबंधित गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी को अंजाम दिया जाता था. आरोपितों का कथित कार्यक्षेत्र देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ था.
तीनों आरोपितों का पहले भी रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार भीम मंडल साइबर अपराध थाना कांड संख्या 49/24 और नारायणपुर थाना कांड संख्या 62/15 में आरोपपत्रित है. मोजाहिद अंसारी साइबर अपराध थाना कांड संख्या 58/19, जबकि कुरबान अंसारी कांड संख्या 28/23 में आरोपपत्रित है.
पुलिस जब्त मोबाइल फोन और सिम कार्ड की जांच के जरिए साइबर ठगी से जुड़े नेटवर्क, संभावित पीड़ितों और अन्य संदिग्धों की जानकारी जुटाने में लगी है.
दो कांड दर्ज, जांच में जुटी साइबर पुलिस
इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 66/26, दिनांक 11 अक्टूबर 2026 तथा कांड संख्या 67/26, दिनांक 12 अक्टूबर 2026 के तहत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
छापेमारी दल में साइबर अपराध थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक अनिल अभिषेक, पुलिस निरीक्षक विकास कुमार तिवारी सहित साइबर थाना के रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे.
अनजान APK फाइल डाउनलोड करने से बचें
जामताड़ा पुलिस की इस कार्रवाई के बीच लोगों को साइबर ठगी के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है. गैस बिल अपडेट, बैंकिंग सुविधा या क्रेडिट कार्ड सेवाओं के नाम पर भेजे जाने वाले अनजान लिंक और APK फाइल से सावधान रहें. किसी अनजान स्रोत से मोबाइल में ऐप इंस्टॉल न करें और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी, ओटीपी या कार्ड विवरण किसी के साथ साझा न करें.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

