आदित्यपुर: शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन आदित्यपुर-2 स्थित रायडीह में भगवती संघ सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति और शिव-काली मंदिर में विधि-विधान से कलश स्थापना के साथ दुर्गा पूजा का शुभारंभ हुआ. भगवती संघ रोड नंबर 31-32 के पूजा पंडाल में पंडित अभिजीत चटर्जी के मंत्रोच्चारण के बीच गाजे-बाजे के साथ कलश यात्रा निकाली गई. श्रद्धालुओं ने खरकाई नदी से जल भरकर कलश को पूजा पंडाल में लाया, जहां वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कलश स्थापना की गई.


इस अवसर पर मुख्य यजमान कृष्णकांत झा उर्फ गुड्डू झा के अलावा अशोक कुमार, दिवाकर उर्फ गन्नू, आनंद प्रकाश श्रेयांस, सुनील शाही और सुशील कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे.
शिव-काली मंदिर में 50 वर्षों से जारी है पूजा की परंपरा
वहीं, रायडीह बस्ती स्थित शिव-काली मंदिर में पंडित सौमित्र चटर्जी उर्फ बॉब के मंत्रोच्चारण के बीच कलश स्थापना की गई. इस दौरान अधिवक्ता ओम प्रकाश, अधिवक्ता राजेश बिहारी सहाय, पर्यावरणविद अभियंता अमरेश कुमार, गणेश सिंह, धनंजय सिंह और जगन्नाथ मंडल सहित कई श्रद्धालु मौजूद रहे.
भगवती संघ सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष अधिवक्ता ओम प्रकाश ने बताया कि करीब 50 वर्ष पूर्व पंडित गौर चंद्र चटर्जी और बबन सिंह ने शिव-काली मंदिर में दुर्गा पूजा की शुरुआत की थी. तब से यह परंपरा निरंतर जारी है. मंदिर आज क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां आदित्यपुर, गम्हरिया और जमशेदपुर से भी श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं.

