सरायकेला: दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा परिवार की अभिभावक रूपी सोरेन के निधन पर झामुमो सरायकेला प्रखंड कमेटी की ओर से शनिवार को हरिहर होटल सभागार में शोकसभा आयोजित की गई. प्रखंड अध्यक्ष सुरेश हेम्ब्रम की अध्यक्षता में आयोजित इस शोकसभा में पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दिवंगत रूपी सोरेन के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया.


झामुमो परिवार के लिए अपूरणीय क्षति : भोला महंती
कार्यक्रम में उपस्थित झामुमो के जिला उपाध्यक्ष भोला महंती ने कहा कि रूपी सोरेन का निधन झारखंड मुक्ति मोर्चा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है. उनके निधन से न केवल सोरेन परिवार, बल्कि पूरे झारखंड में शोक की लहर है. उन्होंने कहा कि रूपी सोरेन पार्टी परिवार की अभिभावक थीं. उनके निधन से झामुमो परिवार ने एक ऐसी शख्सियत को खो दिया है, जिनका पार्टी और सोरेन परिवार से गहरा जुड़ाव रहा.
भोला महंती ने कहा कि इस दुख की घड़ी में झामुमो के सभी कार्यकर्ता शोक संतप्त सोरेन परिवार के साथ खड़े हैं. उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की.
सोरेन परिवार के दुख में सहभागी बना झामुमो परिवार
प्रखंड अध्यक्ष सुरेश हेम्ब्रम ने रूपी सोरेन के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनके जाने से पूरा झामुमो परिवार मर्माहत है. यह पार्टी के लिए अत्यंत दुखद क्षण है. उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की.
शोकसभा में उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया. इसके बाद सभी ने एक मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. साथ ही इस कठिन समय में सोरेन परिवार के प्रति एकजुटता और संवेदना व्यक्त की.
कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे उपस्थित
मौके पर योगेश्वर सरदार, राजू महाली, राजेश मुंडारी, अजय नंदी, राजेन मुर्मू, सामु मांझी, टीका मुर्मू, तपन कामिला, सुकलाल केराई, मुनकु लुगुन, धर्मपद नायक सहित झामुमो के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह (संपादक)

