सरायकेला: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) के तहत शनिवार को अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सह अपर सचिव सुबोध कुमार ने ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के पांच मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया. उन्होंने चांडिल प्रखंड अंतर्गत मतदान केंद्र संख्या 261, 262, 310, 318 एवं 319 का दौरा कर मतदाता पंजीकरण, सूची में सुधार और मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली.


निरीक्षण के दौरान सुबोध कुमार ने मतदान केंद्रों पर आयोजित बीएलओ- बीएलए-2 की चौथी बैठक एवं मेगा हेल्प डेस्क शिविर की गतिविधियों का जायजा लिया. उन्होंने संबंधित बीएलओ से नए मतदाताओं के पंजीकरण, मतदाता सूची में नाम जोड़ने और त्रुटियों के सुधार की प्रगति की जानकारी प्राप्त की.
18 वर्ष पूरे कर चुके पात्र युवाओं का नाम जोड़ने का निर्देश
सुबोध कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी पात्र युवाओं का मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी पहल की जाए. उन्होंने कहा कि नए मतदाताओं को फॉर्म-6 तथा नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 की प्रक्रिया की जानकारी दी जाए.

उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पात्र नागरिक को मतदाता सूची में पंजीकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए. इसके लिए संबंधित पदाधिकारियों और बीएलओ को आपसी समन्वय के साथ निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने को कहा.
मेगा हेल्प डेस्क में मतदाताओं की समस्याएं सुनीं
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने मेगा हेल्प डेस्क शिविर में पहुंचे नागरिकों से बातचीत की और उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली. उन्होंने कर्मियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदक की समस्या गंभीरता से सुनी जाए तथा प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार निष्पादन किया जाए. सुबोध कुमार ने निर्वाचन पाठशाला में बच्चों से संवाद कर उन्हें मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों की भूमिका और मतदाता जागरूकता के बारे में जानकारी दी.
उन्होंने आम नागरिकों से एसआईआर-2026 की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने और संबंधित मतदान केंद्रों पर आयोजित मेगा हेल्प डेस्क शिविर का लाभ उठाने की अपील की.
निरीक्षण के दौरान ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी नितिन शिवम गुप्ता, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह, संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.

