जमशेदपुर: महालया के पावन अवसर पर जुगसलाई दुर्गाबाड़ी ट्रस्ट की ओर से पारंपरिक ढंग से भव्य शोभायात्रा निकाली गई. ढाक की थाप और मां दुर्गा के चंडी पाठ के बीच बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं युवाओं ने पारंपरिक परिधानों में जुगसलाई क्षेत्र का भ्रमण किया. इस दौरान श्रद्धालुओं में मां दुर्गा के आगमन को लेकर उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला.


जुगसलाई दुर्गाबाड़ी ट्रस्ट की ओर से प्रत्येक वर्ष महालया के अवसर पर चंडी पाठ के साथ शोभायात्रा निकालने की परंपरा रही है. इस वर्ष भी ट्रस्ट के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक इस परंपरा का निर्वहन किया. शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना करते हुए अपने परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना करते नजर आए.
महालया से शुरू होती है दुर्गा पूजा की विशेष तैयारी: शंभूनाथ बोस
ट्रस्ट के ट्रस्टी शंभूनाथ बोस ने बताया कि महालया का दिन मां दुर्गा के आगमन का प्रतीक माना जाता है. इसी धार्मिक मान्यता के तहत ट्रस्ट के सदस्य प्रत्येक वर्ष सामूहिक रूप से शोभायात्रा निकालते हैं और चंडी पाठ के माध्यम से शक्ति की देवी मां दुर्गा की आराधना करते हैं.
उन्होंने कहा कि शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु अपने परिवार, सगे-संबंधियों और समाज की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना करते हैं. महालया के आयोजन के साथ ही दुर्गा पूजा की तैयारियों को विशेष गति मिलती है.
इस अवसर पर जुगसलाई दुर्गाबाड़ी ट्रस्ट के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु शामिल हुए. पारंपरिक वेशभूषा, ढाक की गूंज और धार्मिक अनुष्ठानों ने पूरे क्षेत्र में उत्सव का वातावरण बना दिया.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

