जमशेदपुर: आगामी पर्व-त्योहारों को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी तेज कर दी है. इसी क्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने जिले के विभिन्न चेकिंग प्वाइंटों और चेक नाकों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने अपनी मौजूदगी में एंटी क्राइम चेकिंग कराई और मौके पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.


अपराध नियंत्रण के साथ आम लोगों की सुविधा का भी रखें ध्यान
एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को नियमित वाहन जांच करने और संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क नजर रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है. इसके लिए चेक नाकों पर तैनात जवान पूरी सतर्कता के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं.
उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि जांच के दौरान आम नागरिकों के साथ शालीन और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए. सुरक्षा जांच के नाम पर लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए.
एसएसपी ने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए नियमित जांच के साथ पुलिसकर्मियों की सतर्कता भी जरूरी है. त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ और बढ़ती आवाजाही को देखते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि आम लोग सुरक्षित माहौल में पर्व-त्योहार मना सकें.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

