सरायकेला: राजनगर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, सोसो में शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026 को आयुष आरोग्य विद्या (Ayurvidya) स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया. आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष), ईचा की ओर से आयोजित इस शिविर में 52 छात्र-छात्राओं की स्वास्थ्य जांच की गई तथा आवश्यकतानुसार दवाओं का वितरण किया गया.


शिविर के दौरान आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. शैलेश कुमार ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की जांच की. इस पहल का उद्देश्य स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना रहा.

योगाभ्यास के जरिए बताए स्वस्थ रहने के तरीके
कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक अबूझ महतो एवं अंजली मांझी ने छात्र-छात्राओं को योगाभ्यास कराया. उन्होंने विद्यार्थियों को योग के महत्व की जानकारी देते हुए नियमित योगाभ्यास को स्वस्थ जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया.
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे. स्वास्थ्य शिविर के सफल आयोजन में दो सहियाओं ने भी सहयोग प्रदान किया.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह (संपादक)

