सरायकेला: सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से भारी वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ सरायकेला- खरसावां जिला परिवहन विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है. उपायुक्त के निर्देश पर चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने 22 भारी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 1 लाख 44 हजार 950 रुपये का जुर्माना वसूला है.


जिला परिवहन पदाधिकारी शंकराचार्य सामद के नेतृत्व में आदित्यपुर, गम्हरिया, कांड्रा सहित जिले के विभिन्न प्रमुख सड़क मार्गों पर जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से खड़े भारी वाहनों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई.
*सड़क किनारे खड़े भारी वाहन बन रहे दुर्घटनाओं का कारण*
परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार मुख्य सड़कों और व्यस्त मार्गों के किनारे भारी वाहनों की अवैध पार्किंग से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है. विशेषकर रात के समय बिना पर्याप्त सुरक्षा संकेतों के खड़े ट्रक और अन्य भारी वाहन दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ाते हैं.
औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण आदित्यपुर, गम्हरिया और कांड्रा की सड़कों पर भारी वाहनों का दबाव अधिक रहता है. ऐसे में सड़क किनारे बेतरतीब पार्किंग से आम वाहन चालकों के साथ दोपहिया सवारों और पैदल यात्रियों की सुरक्षा भी प्रभावित होती है.
*डीटीओ की चेतावनी- निर्धारित स्थान पर ही करें पार्किंग*
जिला परिवहन पदाधिकारी शंकराचार्य सामद ने वाहन चालकों को निर्धारित एवं सुरक्षित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने का निर्देश दिया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्य सड़क अथवा ऐसे स्थानों पर वाहन खड़ा नहीं किया जाए, जहां यातायात बाधित होता हो या दुर्घटना की आशंका उत्पन्न होती हो.
परिवहन विभाग ने चेतावनी दी है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और मालिकों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी.
विभाग के अनुसार अभियान का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुचारु बनाना है.
परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि सड़क को पार्किंग स्थल समझने वाले भारी वाहन चालकों की लापरवाही अब उनकी जेब पर भारी पड़ेगी. विभाग ने आने वाले दिनों में भी जांच अभियान जारी रखने के संकेत दिए हैं.

