चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में IPL की तर्ज पर आयोजित वेस्ट सिंहभूम T-20 लीग का बुधवार को रोमांचक सफर समाप्त हो गया. बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में मनोहरपुर लायंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जगन्नाथपुर टाइगर्स को सात विकेट से पराजित कर खिताब अपने नाम किया.


प्रतियोगिता को झारखंड में जिला स्तर पर IPL की तर्ज पर आयोजित अपनी तरह की पहली क्रिकेट लीग बताया गया है. फाइनल में मनोहरपुर लायंस ने खेल के सभी विभागों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए मुकाबले को एकतरफा बना दिया और सात विकेट से जीत दर्ज कर चैंपियन ट्रॉफी पर कब्जा जमाया.
चैंपियन को 10 लाख, उपविजेता को मिले 5 लाख
मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार ने विजेता मनोहरपुर लायंस को ट्रॉफी के साथ 10 लाख रुपये का चेक प्रदान किया. वहीं डीडीसी उत्कर्ष कुमार ने उपविजेता जगन्नाथपुर टाइगर्स को ट्रॉफी के साथ 5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया.
उपायुक्त मनीष कुमार ने प्रतियोगिता के आयोजन को पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ की बड़ी उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से जिले के प्रतिभाशाली क्रिकेट खिलाड़ियों को बड़ा मंच मिलेगा. बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए भविष्य में राज्य और देश स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर भी खुलेंगे.
वेस्ट सिंहभूम T-20 लीग के आयोजन ने स्थानीय क्रिकेट खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया. प्रतियोगिता के समापन के साथ मनोहरपुर लायंस ने पहले संस्करण की चैंपियन टीम के रूप में अपनी पहचान दर्ज कराई.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

