सरायकेला: कुकड़ू प्रखंड के क्षेत्र भ्रमण के दौरान बुधवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय कुकड़ू और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिरुलडीह का निरीक्षण किया. उपायुक्त ने विद्यालय में छात्राओं को मिल रही शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाओं के साथ स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया.


झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय में उपायुक्त ने कक्षाओं, प्रयोगशाला, पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब, स्मार्ट क्लास और रसोईघर का निरीक्षण किया. उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं संबंधित पदाधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और परिसर में नियमित साफ-सफाई के साथ छात्राओं के लिए सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
कंप्यूटर शिक्षा सिर्फ औपचारिकता नहीं, नियमित कक्षाएं चलाने के निर्देश
कंप्यूटर लैब के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने निर्धारित रोस्टर के अनुसार सभी कक्षाओं की छात्राओं को नियमित कंप्यूटर शिक्षा देने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि कंप्यूटर शिक्षा को केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रखा जाए, बल्कि छात्राओं को व्यावहारिक एवं उपयोगी जानकारी दी जाए.

निरीक्षण में विद्यालय का स्मार्ट क्लास खराब पाया गया. उपायुक्त ने इसे जल्द चालू कराने तथा आवश्यक उपकरण एवं अनुपलब्ध सामग्री उपलब्ध कराने के लिए संबंधित पदाधिकारी को कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
उपायुक्त ने अलग-अलग कक्षाओं में पहुंचकर छात्राओं से सीधे संवाद भी किया. उन्होंने पढ़ाई, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं और उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली. छात्राओं को उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए पढ़ाई पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया.
छात्राओं की थाली और पोषण पर भी नजर
रसोईघर और भोजन व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने निर्धारित रोस्टर के अनुसार नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन देने का निर्देश दिया. भोजन बनाने और परोसने के दौरान स्वच्छता मानकों का पालन करने तथा छात्राओं के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने को कहा.

उन्होंने शिक्षा के साथ खेलकूद, रचनात्मक गतिविधियों और व्यवहारिक ज्ञान को भी बढ़ावा देने का निर्देश दिया. ‘खेल-खेल में शिक्षा’ के माध्यम से छात्राओं की भागीदारी बढ़ाने तथा उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और व्यवहारिक कौशल विकसित करने पर जोर दिया.
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि आवश्यक सामग्री या उपकरणों की कमी अथवा खराबी के कारण छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए. सुविधाओं के संचालन में लापरवाही मिलने पर संबंधित पदाधिकारी अथवा कर्मी की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
तिरुलडीह PHC पहुंचे DC, स्वास्थ्य व्यवस्था का लिया जायजा
इसके बाद उपायुक्त ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिरुलडीह का निरीक्षण किया. उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सा व्यवस्था, मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, दवाओं एवं आवश्यक संसाधनों की स्थिति की जानकारी ली. उपायुक्त ने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि केंद्र पहुंचने वाले मरीजों को समय पर सुगम और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलें. मरीजों और उनके परिजनों को अनावश्यक परेशानी नहीं हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए.

चिकित्सा कक्ष, प्रतीक्षालय, शौचालय और स्वास्थ्य केंद्र परिसर में नियमित साफ- सफाई एवं समुचित रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा गया. साथ ही आवश्यक दवाओं एवं चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता बनाए रखने का निर्देश दिया गया.

उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही, मरीजों को अनावश्यक परेशानी या निर्धारित दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने विद्यालय और स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करते हुए शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं में लगातार सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया.

