चांडिल: दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को चांडिल थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, अंचल अधिकारी चांडिल, पुलिस निरीक्षक चांडिल अंचल सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, शांति समिति के सदस्य और विभिन्न पूजा पंडालों के अध्यक्ष एवं सचिव शामिल हुए.


बैठक में दुर्गापूजा के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई. प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने पूजा समितियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पूजा का आयोजन करने को कहा.
पंडालों में बिजली और अग्नि सुरक्षा पर विशेष जोर
पूजा पंडालों में विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित रखने और किसी भी संभावित दुर्घटना से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने का निर्देश दिया गया. इसके साथ ही अग्निशमन एवं फायर सेफ्टी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया.

भीड़ को आवश्यक सूचना देने के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए पूजा समितियों को सतर्क रहने को कहा गया.
DJ की आवाज से लेकर पार्किंग तक पर निर्देश
बैठक में डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल के दौरान निर्धारित नियमों और ध्वनि मानकों का पालन करने को कहा गया. पूजा के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने पर भी विशेष चर्चा हुई.
पूजा समितियों से कहा गया कि श्रद्धालुओं के आवागमन में परेशानी नहीं हो और प्रमुख मार्गों पर अनावश्यक जाम की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए पुलिस-प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर रखें.
सोशल मीडिया पर अफवाहों से रहें सावधान
प्रशासन ने सोशल मीडिया के जिम्मेदार एवं सतर्क इस्तेमाल की भी अपील की. पूजा के दौरान किसी भी अपुष्ट अथवा भ्रामक सूचना को प्रसारित नहीं करने और संदिग्ध गतिविधि या सूचना की जानकारी पुलिस-प्रशासन को देने को कहा गया.
अधिकारियों ने सभी पूजा समितियों से प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के वातावरण में दुर्गापूजा संपन्न कराने की अपील की.

