सरायकेला: दुर्गापूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को कुचाई थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. थाना प्रभारी रविन्द्र मुंडा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पूजा समितियों एवं पुलिस पदाधिकारियों ने क्षेत्र की विधि-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर चर्चा की.


बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी रविन्द्र मुंडा ने कहा कि दुर्गापूजा और दशहरा आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द एवं सांस्कृतिक एकता का पर्व है. इसे शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने पूजा समितियों और ग्रामीणों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
संवेदनशील स्थानों पर रहेगी पुलिस की विशेष नजर
दलभंगा ओपी प्रभारी नरसिंह मुंडा ने कहा कि पर्व के दौरान पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी. संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और पुलिस गश्ती दल लगातार क्षेत्र का भ्रमण करेगा. उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से शांति और अनुशासन बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की.

बैठक में प्रतिमा विसर्जन जुलूस, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के निर्धारित मानकों का पालन और असामाजिक तत्वों पर निगरानी जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई.
पंचायत स्तर पर भी लोगों को किया जाएगा जागरूक
जिला परिषद सदस्य जींगी हेंब्रम और उपप्रमुख सुखदेव सरदार ने लोगों से आपसी भाईचारा एवं सामाजिक एकता बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि कुचाई क्षेत्र आपसी सौहार्द के लिए जाना जाता है और इस परंपरा को कायम रखते हुए पर्व मनाया जाना चाहिए.

मुखिया मंगल सिंह मुंडा एवं रेखामनी उरांव ने कहा कि पंचायत स्तर पर भी लोगों को जागरूक किया जाएगा. पूजा समितियों और ग्रामीणों से साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई.
बैठक में कुचाई थाना प्रभारी रविन्द्र मुंडा, दलभंगा ओपी प्रभारी नरसिंह मुंडा, जिला परिषद सदस्य जींगी हेंब्रम, उपप्रमुख सुखदेव सरदार, मुखिया मंगल सिंह मुंडा, रेखामनी उरांव, एसआई सामंत कुमार दास, एएसआई सलन लुगुन, मन्ना खोलको, अशोक कुमार गोप, अनुप अग्रवाल, राहुल दास, पंचू दास, सतेंद्र कुम्हार, बाबूराम महतो, दशरथ उरांव, गारदी सोय, सतेन मुंडा, दिनेश महतो, डुमू गोप, लुबुराम सोय, मुकेश सोय और फागु मुंडा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे.

