चांडिल: धातकीडीह- भादूडीह में ‘जन सेवा ही लक्ष्य’ की ओर से आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता HLM ट्रॉफी के दौरान अनुशासनहीनता के आरोप में आयोजन कमिटी ने कड़ा कदम उठाया है. कमिटी ने ‘बम बम भोले स्पोर्टिंग टीम’ को भविष्य में संस्था की ओर से आयोजित होने वाली फुटबॉल प्रतियोगिताओं में भाग लेने से प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया है.


आयोजन प्रभारी अमित महतो के अनुसार प्रतियोगिता के पहले दिन मैच के दौरान दो टीमों के खिलाड़ियों के बीच हूटिंग और तीखी नोकझोंक की स्थिति उत्पन्न हुई थी. विवाद बढ़ने से पहले रेफरी, लाइंसमैन, कमिटी सदस्यों और वॉलेंटियर्स ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया.
पहले दी चेतावनी, दोबारा शिकायत पर प्रतिबंध
घटना के बाद ‘जन सेवा ही लक्ष्य’ की कोर कमिटी की बैठक हुई. कमिटी का कहना है कि बम बम भोले स्पोर्टिंग टीम को लेकर इससे पहले भी अनुशासन संबंधी शिकायत सामने आई थी. सेमीफाइनल से पूर्व मिली शिकायत के बाद टीम को चेतावनी भी दी गई थी. कमिटी के मुताबिक इसके बावजूद अंतिम मैच के दौरान टीम के कुछ खिलाड़ियों पर दोबारा अनुशासनहीनता के आरोप लगे.
इसके बाद कमिटी ने टीम पर प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया. साथ ही घटना में शामिल खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें भी प्रतिबंधित करने की बात कही गई है, ताकि वे दूसरी टीम के माध्यम से संस्था की प्रतियोगिताओं में हिस्सा न ले सकें.
आयोजन कमिटी ने स्पष्ट किया कि मैदान में प्रतिद्वंद्विता केवल खेल तक सीमित रहनी चाहिए. खिलाड़ियों से प्रतिद्वंद्वी को शत्रु नहीं, बल्कि खेल साथी के रूप में देखने की अपील की गई है. किसी विवाद की स्थिति में स्वयं उलझने के बजाय रेफरी या कमिटी को सूचना देने को कहा गया है.

