सरायकेला: आदित्यपुर स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज अस्पताल ने हृदय रोग के उपचार के क्षेत्र में बुधवार को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की. अस्पताल में पहली बार एंजियोप्लास्टी सफलतापूर्वक की गई. 81 वर्षीय लखन साव की एंजियोप्लास्टी डॉ. विमलेंदु कुमार और उनकी टीम ने की.


चिकित्सकों के अनुसार मरीज की दो धमनियों में रक्त प्रवाह बाधित हो रहा था और करीब 80 फीसदी ब्लॉकेज पाया गया था. मरीज की स्थिति और आवश्यक चिकित्सकीय जांच के बाद डॉक्टरों की टीम ने एंजियोप्लास्टी करने का निर्णय लिया. प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की गई.
कैथ लैब शुरू होने के बाद पहली एंजियोप्लास्टी
गौरतलब है कि इसी वर्ष नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कैथ लैब की शुरुआत की गई है. इसके बाद अस्पताल में पहली एंजियोप्लास्टी का सफलतापूर्वक किया जाना कार्डियक सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
इस उपलब्धि पर नेताजी सुभाष ग्रुप के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने डॉ. विमलेंदु कुमार सहित पूरी चिकित्सकीय टीम और अस्पताल प्रबंधन को बधाई दी.
उन्होंने कहा कि अस्पताल में हृदय रोग से संबंधित चिकित्सा सुविधाओं को लगातार बेहतर किया जा रहा है. आने वाले दिनों में हार्ट के मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए पूरी टीम प्रतिबद्ध है.

