कांड्रा: कांड्रा थाना अंतर्गत रघुनाथपुर में मंगलवार देर शाम भारत पेट्रोल पंप के समीप सड़क पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार चार लोग घायल हो गए. दुर्घटना में एक युवक के पैर का अंगूठा कट गया, जबकि दोनों मोटरसाइकिलें भी क्षतिग्रस्त हो गईं.


घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल सभी घायलों को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और कांड्रा थाना पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी. सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से चारों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा.
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है. हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस मामले में अग्रिम कार्रवाई में जुटी है.

