सरायकेला: नशे के कारोबार के खिलाफ सरायकेला- खरसावां पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर सोमवार को आदित्यपुर थाना पुलिस ने मुस्लिम बस्ती में दबिश देकर ड्रग्स कारोबार से जुड़ी बताई जा रही डॉली परवीन के ठिकाने पर कार्रवाई की.


पुलिस ने डॉली परवीन के मकान में रह रहे किरायेदारों को खाली कराया. इसके बाद पुलिस द्वारा अवैध कमाई से अर्जित बताया जा रहा निर्माण ध्वस्त किया गया. पुलिस ने किरायेदारों को चेतावनी दी कि दोबारा उक्त मकान में रहने की स्थिति में उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है.

इस कार्रवाई के जरिए पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि अब नशे के कारोबार के खिलाफ केवल गिरफ्तारी तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इससे जुड़े आर्थिक स्रोतों और संपत्तियों की भी जांच कर कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने कहा कि जिले में अवैध ड्रग्स और नशे के कारोबार को लेकर किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि डॉली परवीन ही नहीं, बल्कि ड्रग्स के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के आर्थिक स्रोतों पर भी कार्रवाई की जाएगी.
एसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा. पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के नेटवर्क के खिलाफ आर्थिक स्तर पर शिकंजा कसने की दिशा में सख्त कदम के रूप में देखा जा रहा है.

