साहेबगंज: राधानगर थाना क्षेत्र में मोहनपुर चौक के समीप NH सड़क पर रविवार तड़के एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान मोहनपुर निवासी गौरचन्द्र बागती के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और कुछ ही समय में मृतक के चचेरे भाई को गिरफ्तार कर लिया.


पुलिस के अनुसार, 4 अक्टूबर की सुबह करीब 4:45 बजे राधानगर थाना को सूचना मिली कि मोहनपुर चौक के पास सड़क पर गौरचन्द्र बागती की हत्या कर दी गई है.
सूचना के बाद वरीय पुलिस अधिकारियों को जानकारी दी गई. साहेबगंज पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर राजमहल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया.
तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मृतक के चचेरे भाई बहादुर बागती को हिरासत में लिया. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और आपसी रंजिश को घटना की वजह बताया.
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया है. घटनास्थल से एक चप्पल भी बरामद की गई है.
BNS की धारा 103(1) में केस दर्ज
पुलिस ने मामले में राधानगर थाना कांड संख्या 353/26, दिनांक 4 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 44 वर्षीय बहादुर बागती, पिता स्वर्गीय सुफल बागती, निवासी मोहनपुर, थाना राधानगर, जिला साहेबगंज के रूप में हुई है. आरोपी को सोमवार को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया.
पुलिस हत्या के पीछे की परिस्थितियों, आपसी रंजिश की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.

