खूंटी: विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल, झारखंड प्रांत की ओर से रविवार को रांची के धुर्वा स्थित सरस्वती विद्या मंदिर के केशव सभागार में अशोक सिंघल जन्म शताब्दी समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम में खूंटी जिले से भी बड़ी संख्या में विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए.


खूंटी से पहुंचे बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का नेतृत्व जिला संयोजक कर्मवीर महतो ने किया. वहीं विश्व हिन्दू परिषद के जिला अध्यक्ष बिनोद जायसवाल के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने समारोह में भाग लिया.
अशोक सिंघल के जीवन और संगठनात्मक योगदान को किया याद
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने विश्व हिन्दू परिषद के दिवंगत नेता अशोक सिंघल के जीवन और संगठनात्मक योगदान को याद किया.
बजरंग दल के जिला संयोजक कर्मवीर महतो ने कहा कि अशोक सिंघल का जीवन हिंदू समाज के संगठन, सांस्कृतिक जागरण और राष्ट्रहित के लिए समर्पण की प्रेरणा देता है. उन्होंने कहा कि जन्म शताब्दी के अवसर पर कार्यकर्ता उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज सेवा और संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प ले रहे हैं. विश्व हिन्दू परिषद के जिला अध्यक्ष बिनोद जायसवाल ने कहा कि अशोक सिंघल ने अपना जीवन हिंदू समाज और राष्ट्र के लिए समर्पित किया और उनका जीवन संगठन के कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है.
समारोह में कई प्रमुख लोग रहे मौजूद
आयोजकों के अनुसार समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, झारखंड के प्रांत संघचालक सच्चिदानंद लाल अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. पद्मश्री महावीर नायक विशिष्ट अतिथि और विश्व हिन्दू परिषद के केंद्रीय मंत्री एवं केंद्रीय विशेष संपर्क प्रमुख अम्बरीश मुख्य वक्ता के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए.
खूंटी से जिला उपाध्यक्ष विकास मिश्रा, जिला मंत्री राजीव झा, जिला सह संयोजक प्रकाश अधिकारी, जिला सह मंत्री एमपी सिंह, नगर संयोजक अभय साहू, गौरक्षा प्रमुख निशांत साहू और राजेश सिंह सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे. समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं ने सामाजिक सेवा, सांस्कृतिक गतिविधियों और संगठनात्मक कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया.

