चाईबासा: भारत सरकार के स्वच्छ भारत अभियान के तहत गुदड़ी प्रखंड के लोढ़ाई स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय और आसपास के क्षेत्र में 60 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की E/60 कंपनी द्वारा स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया.


कंपनी कमांडर श्री राकेश सैनी की अध्यक्षता में आयोजित अभियान में CRPF जवानों, शिक्षकों और स्कूली बच्चों ने मिलकर विद्यालय परिसर, कक्षाओं और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की. अभियान के बाद बच्चों को स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी गई और उन्हें अपने घर तथा गांव को स्वच्छ रखने की शपथ दिलाई गई.
स्वच्छता के प्रति बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया. इस दौरान बच्चों ने स्वच्छ वातावरण बनाए रखने और नियमित साफ-सफाई करने का संकल्प लिया.
कंपनी कमांडर राकेश सैनी ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा है. स्वस्थ समाज के लिए स्वच्छ वातावरण बेहद जरूरी है और इसकी शुरुआत स्कूल तथा घर से ही करनी चाहिए.
अभियान के माध्यम से CRPF जवानों ने स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए साफ-सफाई को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया.

