कुचाई: प्रखंड की तिलोपदा पंचायत अंतर्गत रेगाडीह फुटबॉल मैदान में स्व. रेगा सोय, स्व. रायसिंह गागराई एवं स्व. विरंचि गागराई मेमोरियल क्लब के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ. प्रतियोगिता का खिताब बीएस ब्रदर्स तिलोपदा ने अपने नाम किया. फाइनल एवं समापन समारोह में खरसावां विधायक दशरथ गागराई मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए.


कार्यक्रम में पहुंचने पर क्लब के सदस्यों और ग्रामीणों ने विधायक दशरथ गागराई का स्वागत किया. विधायक ने फाइनल मुकाबले से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और फुटबॉल को किक मारकर मुकाबले का विधिवत उद्घाटन किया.
बीएस ब्रदर्स और वन स्टार के बीच हुआ खिताबी मुकाबला
फाइनल मुकाबला बीएस ब्रदर्स तिलोपदा और वन स्टार बड़ाचाकड़ीह के बीच खेला गया. दोनों टीमों ने बेहतर खेल का प्रदर्शन किया. आखिरकार बीएस ब्रदर्स तिलोपदा ने वन स्टार बड़ाचाकड़ीह को पराजित कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया.
फाइनल के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विधायक दशरथ गागराई एवं अन्य अतिथियों ने विजेता और अन्य स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को पुरस्कृत किया.
विजेता बीएस ब्रदर्स तिलोपदा को खस्सी एवं 7 हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया गया. उपविजेता वन स्टार बड़ाचाकड़ीह को खस्सी एवं 5 हजार रुपये नकद मिले. तीसरे स्थान पर रहे संजय ब्रदर्स को खस्सी एवं 3 हजार रुपये और चौथे स्थान पर रहे कियाडचालम को खस्सी एवं 3 हजार रुपये नकद देकर सम्मानित किया गया.
ग्रामीण खिलाड़ियों को मंच देना जरूरी- दशरथ गागराई
विधायक दशरथ गागराई ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और संघर्ष का पाठ सिखाता है. ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की प्रतियोगिताओं के आयोजन से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है.
उन्होंने कहा कि खेलकूद से युवाओं का शारीरिक और मानसिक विकास होता है. विधायक ने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसी प्रतियोगिताओं का आयोजन जारी रखने की अपील की. साथ ही युवाओं को खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा को निखारने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया.
कार्यक्रम में विधायक दशरथ गागराई के अलावा मुखिया राम सोय, जय प्रकाश गागराई, राजेश गागराई, मुचिराय गागराई, महेश मींज, नारायण गुंदुवा, तुराम कुंटिया, दिलीप सोय सहित आयोजन समिति के सदस्य, ग्रामीण और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे.

