जमशेदपुर: राष्ट्रीय जनता दल पूर्वी सिंहभूम जिला इकाई की ओर से शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर खासमहल स्थित पार्टी के प्रधान कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व राजद के पूर्व जिला प्रधान महासचिव सलीम जावेद ने किया.


कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर की गई. राजद के प्रदेश महासचिव नसीम अंसारी, प्रदेश सचिव सुभाष यादव, सलीम जावेद समेत जिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों को नमन किया.
सत्य और अहिंसा ने स्वतंत्रता आंदोलन को दी नई दिशा
प्रदेश महासचिव नसीम अंसारी ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और शांति को आधार बनाकर स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी. असहयोग आंदोलन और दांडी मार्च जैसे आंदोलनों के माध्यम से बड़ी संख्या में देशवासी स्वतंत्रता संघर्ष से जुड़े. उन्होंने कहा कि गांधी के सत्य और अहिंसा के विचार आज भी समाज और देश के लिए प्रासंगिक हैं.
महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा तथा लाल बहादुर शास्त्री की सादगी और राष्ट्रसेवा को लेकर शुक्रवार को झारखंड में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए. राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने दोनों के विचारों और आदर्शों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया.
शास्त्री की सादगी और ईमानदारी को किया याद
नसीम अंसारी ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन सादगी, ईमानदारी और दृढ़ नेतृत्व का उदाहरण रहा है. जवानों और किसानों के सम्मान में दिया गया उनका संदेश ‘जय जवान, जय किसान’ आज भी लोगों को प्रेरित करता है.
उन्होंने कहा कि गांधी और शास्त्री के जीवन से देशहित, एकता, शांति और सेवा की प्रेरणा मिलती है. कार्यक्रम में उपस्थित राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलने तथा उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया.
इस अवसर पर तनवीर अहमद, बबन राय, संजय राय, अरविंद ठाकुर, कन्हैया यादव, शेख सलाउद्दीन, जितेश तिवारी, राजा खान और रिजवान अहमद समेत बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

