जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के ओल्ड बाराद्वारी स्थित फुलबस्ती में गुरुवार देर रात गोलीबारी से अफरा-तफरी मच गई. मो. राजा नामक युवक को निशाना बनाकर चार से पांच राउंड फायरिंग किए जाने का आरोप है. फायरिंग में दो गोलियां राजा की बांह में लगीं. घायल अवस्था में उसे MGM अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.


घटना रात करीब 11:15 बजे की बताई जा रही है. गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की. पुलिस ने मौके से दो खोखे बरामद किए हैं.
शाम के विवाद के बाद रात में फायरिंग का आरोप
घायल मो. राजा ने पुलिस को बताया कि गुरुवार शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच बाराद्वारी देवनगर आश्रम के पास उसका साकची जामा मस्जिद के पीछे रहने वाले इस्मायलु और काशीडीह निवासी कोदू से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. राजा का आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद उसके साथ मारपीट भी की गई. इसके बाद वह किसी तरह वहां से निकलकर अपने घर पहुंचा. राजा के मुताबिक रात करीब 11:15 बजे वह घर के बाहर मोबाइल पर बात कर रहा था. इसी दौरान सफेद रंग की स्कूटी पर दो युवक पहुंचे. राजा ने इस्मायलु और कोदू पर उसे निशाना बनाकर फायरिंग करने का आरोप लगाया है. करीब चार से पांच राउंड फायरिंग में दो गोलियां उसकी बांह में लगीं. वारदात के बाद हमलावर स्कूटी से MGM अस्पताल मोड़ की ओर फरार हो गए.
मानगो-आजादनगर तक छापेमारी
घटना के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है. काशीडीह के साथ मानगो और आजादनगर क्षेत्र में भी संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. आरोपियों के आपराधिक इतिहास को लेकर भी जानकारी सामने आ रही है, हालांकि इस संबंध में पुलिस की विस्तृत आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है. फिलहाल पुलिस घायल के बयान, घटनास्थल से मिले खोखे और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
रिपोर्ट: ऋषि कुमार पांडे

