चांडिल: चांडिल-मुरी रेलखंड के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत झिमड़ी रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में सुधार की मांग तेज हो गई है. गुरुवार को स्थानीय लोगों ने रांची रेल मंडल के ADRM मीना कुमार को आठ सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपकर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की.


सरायकेला- खरसावां जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव मुबारक मोमिन अंसारी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन से जुड़े कई मुद्दे उठाए गए.
मुबारक मोमिन अंसारी ने कहा कि चांडिल-मुरी रेलखंड से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं, लेकिन झिमड़ी रेलवे स्टेशन पर आज भी कई बुनियादी यात्री सुविधाओं का अभाव है. इससे विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ता है.
टाटानगर से बोकारो तक लोकल ट्रेन चलाने की मांग
ज्ञापन में वर्ष 2025 में स्वीकृत बताई जा रही लोकल ट्रेन का टाटानगर-सुईसा-मुरी होते हुए बोकारो स्टील सिटी तक परिचालन शुरू करने की मांग प्रमुखता से रखी गई. इसके अलावा झिमड़ी स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर यात्रियों के उतरने-चढ़ने के लिए सीढ़ी का निर्माण और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था करने की मांग की गई.
स्टेशन बिल्डिंग से ओवरब्रिज तक पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था, प्लेटफॉर्म पर यात्री शेड का निर्माण और झिमड़ी स्टेशन से अंडरपास किमी 303/4.3 तक जाने वाले अधूरे PCC पथ का निर्माण पूरा कराने की मांग भी रखी गई. इसके साथ ही प्लेटफॉर्म संख्या दो का निर्माण तथा यात्रियों के लिए समुचित शौचालय की व्यवस्था कराने की मांग की गई है.
स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से आठों मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया. इस अवसर पर सागुन महतो, महेंद्र नाथ महतो, फालगुनी महतो, परेश महतो, खेलाराम महतो, आनंद प्रमाणिक समेत अन्य लोग मौजूद थे.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल

