रांची: रांची से सटे सिल्ली अंचल कार्यालय में पदस्थापित अमीन विनोद लोहरा को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने 50 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है. ACB के अनुसार शिकायतकर्ता से जमीन की मापी के एवज में दो लाख रुपये नकद और चार डिसमिल जमीन की मांग किए जाने का आरोप है.


ACB के मुताबिक एक व्यक्ति अपनी जमीन की मापी कराने के लिए सिल्ली अंचल कार्यालय पहुंचा था. आरोप है कि काम के बदले अमीन ने उससे दो लाख रुपये और चार डिसमिल जमीन की मांग की. शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, जिसके बाद उसने ACB से संपर्क कर मामले की शिकायत की.
सत्यापन के बाद ACB ने बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद ACB ने आरोपों का सत्यापन किया. इसके बाद ट्रैप की कार्रवाई की योजना बनाई गई. ACB के अनुसार शिकायतकर्ता को तय रकम लेकर आरोपी अमीन के पास भेजा गया. आरोप है कि जैसे ही 50 हजार रुपये की पहली किस्त का लेन-देन हुआ, पहले से मौजूद ACB की टीम ने विनोद लोहरा को मौके पर पकड़ लिया.
दो लाख के साथ 4 डिसमिल जमीन मांगने के आरोप की भी जांच
कार्रवाई के बाद ACB की टीम आरोपी अमीन को रांची ले गई, जहां उससे पूछताछ और आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है. जांच में जमीन की मापी के बदले कथित तौर पर नकद रकम के साथ चार डिसमिल जमीन मांगने के आरोप की भी पड़ताल की जाएगी. फिलहाल मामला जांच और न्यायिक प्रक्रिया के अधीन है. आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद होगी.

