जमशेदपुर: एक तरफ गुरुवार को एसएसपी आवास के अंदर झारखंड की DGP तदाशा मिश्रा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर रही थीं, वहीं बाहर ‘POLICE’ का बड़ा बोर्ड लगी थार लेकर पहुंचे एक व्यक्ति ने वहां तैनात जवानों को कुछ देर के लिए असमंजस में डाल दिया.


बताया जा रहा है कि एसएसपी आवास में DGP की मौजूदगी में कोल्हान DIG, जमशेदपुर SSP और सरायकेला-खरसावां SP की अहम बैठक चल रही थी. इसी दौरान एक थार एसएसपी आवास के बाहर पहुंची, जिसके आगे बड़े अक्षरों में ‘POLICE’ लिखा बोर्ड लगा हुआ था.
जवानों को लगा कोई पुलिस अधिकारी पहुंचे हैं
वाहन पर पुलिस का बोर्ड देखकर वहां तैनात जवानों को शुरुआत में लगा कि कोई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बैठक में शामिल होने पहुंचे हैं. जवानों ने वाहन सवार से पूछताछ की तो मामला अलग निकला.
वाहन लेकर पहुंचे व्यक्ति ने अपना नाम चंद्रशेखर भूमिज बताते हुए खुद को टाटा स्टील UISL का कर्मचारी बताया. उसका कहना था कि वह किसी परेशानी को लेकर SP से मिलना चाहता है.
‘बोर्ड नहीं रहता है तो होती है परेशानी’
चंद्रशेखर भूमिज ने कहा कि वाहन पर पुलिस का बोर्ड लगा रहने से उसे परेशानी नहीं होती, जबकि बोर्ड नहीं रहने पर दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. हालांकि वह किस तरह की परेशानी से जूझ रहा है, इसका खुलासा उसने मीडिया के सामने नहीं किया. उसने कहा कि अपनी समस्या वह सीधे पुलिस अधिकारी को बताएगा.
वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लंबी चलने के कारण वह एसएसपी से मुलाकात नहीं कर सका. कुछ देर इंतजार करने के बाद वह ‘POLICE’ बोर्ड लगी अपनी थार लेकर वहां से चला गया और दोबारा आने की बात कही.
इस घटनाक्रम के बाद यह सवाल भी सामने आया कि पुलिस विभाग से संबंध नहीं रखने वाला व्यक्ति अपने निजी वाहन पर ‘POLICE’ का बोर्ड किस आधार पर इस्तेमाल कर रहा था. इस संबंध में पुलिस की ओर से किसी कार्रवाई या आधिकारिक प्रतिक्रिया की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है.

