जामताड़ा: बिहार में शराब ले जाकर ऊंची कीमत पर बेचने की तैयारी कर रहे एक शराब तस्कर को आरपीएफ जवानों ने चित्तरंजन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 से गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान मिहिजाम थाना क्षेत्र के अंबेडकर नगर निवासी पिंटू कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, पिंटू कुमार एक पुराने सूटकेस में विदेशी शराब की बोतलें भरकर ट्रेन के माध्यम से बिहार ले जाने की फिराक में था. प्लेटफॉर्म पर तैनात आरपीएफ जवानों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं.


संदेह के आधार पर जवानों ने उसके सूटकेस की जांच की. तलाशी के दौरान सूटकेस से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई. जांच में बकार्डी 750 एमएल की 12 बोतल और ब्लेंडर्स 750 एमएल की 12 बोतल, कुल 24 बोतल विदेशी शराब बरामद की गयी. इसके बाद आरपीएफ ने आरोपी को गिरफ्तार कर शराब जब्त कर ली. बताया गया कि आरोपी बरामद शराब को बिहार ले जाकर ऊंची कीमत पर बेचने की तैयारी में था.गिरफ्तारी के बाद आरपीएफ ने आरोपी और जब्त शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, जामताड़ा को सौंप दिया.उत्पाद विभाग ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

