सरायकेला: उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने जिले की शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं. गुरुवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने विद्यालयवार एवं प्रखंडवार शैक्षणिक गतिविधियों और सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की. इस दौरान APAAR ID बनाने में धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए लापरवाही बरतने वाले संबंधित कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वेतन निकासी पर रोक लगाने का निर्देश दिया.


उपायुक्त ने किसी कारण से अब तक छूटे बच्चों का जन्म प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड और बैंक खाता शीघ्र बनवाने तथा खुलवाने को कहा, ताकि कोई भी बच्चा सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे.
स्कूलों में बच्चों की कम उपस्थिति पर होगा फोकस
उपायुक्त ने विद्यालयों में बच्चों की नियमित उपस्थिति को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया. जिन विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति कम है, वहां कारणों की पहचान कर सुधारात्मक कदम उठाने को कहा गया. इसके साथ ही मध्याह्न भोजन, पोशाक एवं अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र बच्चों तक समय पर पहुंचाने और इसकी नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया गया.
उपकरण हैं तो हर हाल में चले स्मार्ट क्लास
बैठक में स्मार्ट क्लास की स्थिति की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन विद्यालयों में स्मार्ट क्लास के उपकरण उपलब्ध हैं, वहां शत-प्रतिशत स्मार्ट क्लास का संचालन सुनिश्चित किया जाए. जहां उपकरण खराब होने के कारण स्मार्ट क्लास बंद हैं, वहां समन्वय स्थापित कर तत्काल मरम्मत कराने और कक्षाएं दोबारा शुरू करने को कहा गया.
परीक्षा परिणाम सुधारने के लिए बनेगी कार्ययोजना
विभिन्न शैक्षणिक सूचकांकों और विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने बच्चों के अंक और परिणाम में सुधार के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया. स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने और शैक्षणिक व्यवस्था को और बेहतर करने पर विशेष जोर दिया गया.
विद्यालयों में नियमित गुरु गोष्ठी आयोजित कर शिक्षकों के बीच बच्चों की प्रगति, शैक्षणिक गतिविधियों और स्कूल स्तर की समस्याओं पर समन्वय स्थापित करने को कहा गया. बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा, व्यावहारिक ज्ञान और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ ICT आधारित शिक्षण सामग्री का प्रभावी इस्तेमाल करने का भी निर्देश दिया गया.
बिजली, पानी और शौचालय की व्यवस्था भी होगी दुरुस्त
उपायुक्त ने स्कूलों में बिजली, शौचालय, पेयजल और स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा. रोस्टर के अनुसार बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण के लिए संबंधित चिकित्सा पदाधिकारियों के साथ समन्वय बनाने का निर्देश दिया गया. किशोरियों को किशोरी समृद्धि योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए BDO और CDPO के साथ समन्वय स्थापित करने को भी कहा गया.
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों की सामूहिक जवाबदेही है. कार्य में लापरवाही मिलने पर जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी.
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, जिला शिक्षा अधीक्षक अमित कुमार सहित सभी BEEO, BPO, BRP, CRP एवं संबंधित विभागीय अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

