जामताड़ा: गैस कनेक्शन अपडेट नहीं कराने पर सप्लाई बंद होने का डर दिखाकर लोगों के मोबाइल में स्क्रीन शेयरिंग ऐप डाउनलोड कराने और फिर साइबर ठगी करने वाले गिरोह के चार आरोपियों को जामताड़ा साइबर पुलिस ने गिरफ्तार किया है. करमाटांड़ थाना क्षेत्र में दो अलग- अलग स्थानों पर की गई छापेमारी में पुलिस ने आठ मोबाइल फोन और आठ सिम कार्ड भी बरामद किए हैं.


साइबर डीएसपी अमित कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई की जानकारी दी. इस दौरान साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे.
एक घर से एक, अर्धनिर्मित मकान से तीन गिरफ्तार
साइबर डीएसपी के मुताबिक पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी टीम गठित की गई थी. पुलिस टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के रिंगो चिंगो गांव स्थित सुनील कुमार मंडल के घर पर छापेमारी कर उसे कथित रूप से साइबर ठगी करते हुए पकड़ा. वहीं दूसरी टीम ने आमडीहा गांव स्थित एक अर्धनिर्मित मकान में छापेमारी कर तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों में रिंगो चिंगो निवासी सुनील कुमार मंडल (24), उपरभीठरा निवासी मो. अबुतालिब अंसारी (41), हेठभीठरा निवासी बहाउद्दीन अंसारी (23) और उपरभीठरा निवासी समीम अंसारी (28) शामिल हैं.
ऐसे फंसाते थे गैस उपभोक्ताओं को
पुलिस के अनुसार आरोपी देश के विभिन्न हिस्सों के गैस उपभोक्ताओं को फोन करते थे. उन्हें बताया जाता था कि उनका गैस कनेक्शन अपडेट नहीं है और तत्काल अपडेट नहीं कराने पर गैस सप्लाई बंद कर दी जाएगी अथवा कनेक्शन काट दिया जाएगा.
उपभोक्ता के झांसे में आने के बाद उसके मोबाइल में स्क्रीन शेयरिंग ऐप डाउनलोड कराया जाता था. पुलिस का आरोप है कि इसके जरिए मोबाइल स्क्रीन की गतिविधियों और संवेदनशील जानकारियों तक पहुंच बनाकर साइबर ठगी की जाती थी.
बैंक अधिकारी बनकर भी करते थे फोन
पुलिस के मुताबिक आरोपी बैंक अधिकारी बनकर भी लोगों को फोन करते थे. इस दौरान एटीएम कार्ड नंबर, सीवीवी और ओटीपी जैसी गोपनीय बैंकिंग जानकारी हासिल करने का प्रयास किया जाता था. इसके बाद रकम को विभिन्न ई-वॉलेट के माध्यम से ट्रांसफर करने का आरोप है.
साइबर डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व का कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है. पुलिस उनके नेटवर्क और देश के अलग-अलग राज्यों में की गई संभावित साइबर ठगी की जांच कर रही है.
मामले में साइबर थाना कांड संख्या 61/26 और 62/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. छापेमारी टीम में साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक सुशील टुडू, पुलिस निरीक्षक अमित कुमार सहित रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

