बोकारो: फुसरो- करगली मुख्य मार्ग पर सीसीएल ढोरी जीएम कार्यालय के समीप बुधवार रात अचानक सड़क का एक हिस्सा धंस गया. सड़क धंसने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया है. इसके कारण इस रास्ते से आने-जाने वाले लोगों और वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है.


बताया जा रहा है कि इस सड़क पर 27 मई से ही दरारें दिखाई देने लगी थीं. समय के साथ दरारों का दायरा लगातार बढ़ता गया. आखिरकार बुधवार रात सड़क का एक हिस्सा धंस गया. किसी संभावित दुर्घटना को देखते हुए इसके बाद मार्ग पर आवाजाही रोक दी गई.
27 मई से दिख रही थीं दरारें, स्थानीय लोग पहले से थे चिंतित
स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क पर दरारें आने के बाद से ही इसकी स्थिति को लेकर चिंता जताई जा रही थी. लोगों का कहना है कि दरारें लगातार बढ़ रही थीं और सड़क की स्थिति गंभीर होती जा रही थी. स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते सड़क की स्थिति का आकलन कर आवश्यक मरम्मत और सुरक्षा संबंधी कदम उठाए जाते तो संभवतः ऐसी स्थिति से बचा जा सकता था.
मुख्य मार्ग बंद, वैकल्पिक रास्ते से आवाजाही
फुसरो-करगली मुख्य मार्ग पर आवागमन बंद होने के कारण अब लोगों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है. मार्ग बंद रहने तक वाहन चालकों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ सकती है.
फिलहाल सड़क धंसने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है. संबंधित विभाग की ओर से सड़क की स्थिति का आकलन और मरम्मत को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है. मार्ग पर सामान्य आवागमन कब तक बहाल होगा, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है.

