चांडिल/नीमडीह: ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में आजसू पार्टी से नेताओं और कार्यकर्ताओं के अलग होने का सिलसिला जारी है. पार्टी के केंद्रीय महासचिव एवं ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र से 2019 और 2024 में प्रत्याशी रहे हरेलाल महतो के इस्तीफे के बाद अब नीमडीह जिला परिषद सदस्य एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय सदस्य असित सिंह पात्र ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने अपना त्यागपत्र पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो को भेज दिया है.


हरेलाल महतो ने 26 सितंबर को आजसू पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और केंद्रीय महासचिव पद से इस्तीफा दिया था. इसके बाद ईचागढ़, कुकड़ू, नीमडीह और चांडिल के प्रखंड अध्यक्षों समेत विभिन्न पदाधिकारियों के पार्टी छोड़ने की खबरें सामने आईं.
इस राजनीतिक घटनाक्रम के बीच केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर सरायकेला- खरसावां जिला कमेटी समेत जिले की संगठनात्मक इकाइयों को भंग कर नए सिरे से संगठन खड़ा करने की घोषणा की गई. पार्टी नेतृत्व ने इसे संगठनात्मक पुनर्गठन की प्रक्रिया बताया है.
अब असित सिंह पात्र के इस्तीफे से बढ़ी राजनीतिक चर्चा
इसी क्रम में मंगलवार को असित सिंह पात्र के इस्तीफे ने ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में चल रही राजनीतिक गतिविधियों को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है. असित सिंह पात्र वर्तमान में नीमडीह क्षेत्र से जिला परिषद सदस्य हैं और लंबे समय से सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं.
वे दलमा आंचलिक सुरक्षा समिति के अध्यक्ष भी हैं और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े रहे हैं. विशेषकर ग्रामीण और आदिवासी बहुल क्षेत्रों में उनकी सामाजिक सक्रियता रही है.
पिछले झारखंड पंचायत चुनाव में असित सिंह पात्र ने नीमडीह जिला परिषद क्षेत्र से जीत हासिल की थी. उनके परिवार के अन्य सदस्यों ने भी पंचायत चुनाव में सफलता हासिल की थी. उनकी पत्नी समानपुर पंचायत से पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित हुई थीं, जबकि उनकी भाभी इसी पंचायत से मुखिया चुनी गई थीं.
क्यों छोड़ी पार्टी, अगला कदम क्या ?
असित सिंह पात्र ने आजसू छोड़ने का फैसला किन कारणों से लिया, इस संबंध में उनकी ओर से विस्तृत बयान सामने आना बाकी है. साथ ही वे आगे किसी दूसरे राजनीतिक दल से जुड़ेंगे या फिलहाल सामाजिक गतिविधियों पर ही ध्यान केंद्रित करेंगे, इसे लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है.
हरेलाल महतो के इस्तीफे के बाद एक के बाद एक सामने आ रहे इस्तीफों के बीच अब नजर आजसू के संगठनात्मक पुनर्गठन पर भी है. पार्टी नेतृत्व ने जिले में नए सिरे से संगठन तैयार करने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है.
ऐसे में आने वाले दिनों में ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में आजसू के संगठन की नई संरचना और पार्टी छोड़ने वाले नेताओं की अगली राजनीतिक दिशा दोनों स्थानीय राजनीति के महत्वपूर्ण विषय बने रहेंगे.

