जामताड़ा: शिक्षा को कक्षा की चारदीवारी से बाहर निकालकर सामाजिक सरोकारों से जोड़ने की पहल के तहत पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय, पटटाजोड़ी के विद्यार्थियों ने सोमवार को दुल्दुले गांव एवं निजकजरा मध्य विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम और नुक्कड़ नाटक का प्रभावशाली मंचन किया. कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के साथ स्वच्छता, ग्राम सभा में भागीदारी और सामाजिक चेतना का संदेश देना था.


कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों ने जागरूकता फेरी से की. हाथों में प्रेरक स्लोगन और नारों के साथ विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण, ग्राम सभा में सक्रिय भागीदारी तथा बाल विवाह के खिलाफ जागरूक होने का संदेश दिया. विद्यार्थियों ने लोगों से बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की.
नुक्कड़ नाटक में दिखाई बाल विवाह की हकीकत
जागरूकता फेरी के बाद विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बाल विवाह से उत्पन्न सामाजिक एवं व्यक्तिगत समस्याओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया. नाटक के जरिए बताया गया कि बाल विवाह बच्चों के अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य और बेहतर भविष्य के रास्ते में बड़ी बाधा बनता है. विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए इसके खिलाफ आवाज उठाने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया.
इसके साथ ही ग्राम सभा को लोकतांत्रिक भागीदारी का महत्वपूर्ण मंच बताते हुए ग्रामीणों को इसमें सक्रिय रूप से शामिल होने के लिए प्रेरित किया गया. स्वच्छता और सामाजिक चेतना के माध्यम से स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण का संदेश भी दिया गया.
शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने किया मंचन
नुक्कड़ नाटक का निर्देशन वाणिज्य के सहायक शिक्षक भवेश कुमार ने किया. हिंदी के सहायक शिक्षक डॉ. अवधेन्द्र प्रताप सिंह ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया. नाटक देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे और विद्यार्थियों की जीवंत प्रस्तुति की सराहना की.
नुक्कड़ नाटक में प्रिया, शिवानी, जोसना, मुस्कान, अंजलि, परी, प्रिंस, विशाल, कृष्णम, सनातन, सुनीता, लक्ष्मी, उर्मिला, अनिता, सरस्वती, मुकुंद, रूमा, प्रियंका, काजल, रुपाली, परमेश्वर और डोली सहित अन्य विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया.
विद्यालय परिवार की ओर से बताया गया कि ग्राम सभा कार्यक्रम के तहत नुक्कड़ नाटक का विस्तृत मंचन 1 अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय, पटटाजोड़ी परिसर में किया जाएगा.
रिपोर्ट: मनीष वर्णवाल

