जामताड़ा: बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए बड़ी खबर है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच हुई महत्वपूर्ण बैठक के बाद प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल एवं अन्य आंदोलनात्मक कार्यक्रमों को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है. इससे बैंक ग्राहकों को बड़ी राहत मिली है और प्रस्तावित हड़ताल के कारण बैंकिंग सेवाओं पर पड़ने वाला असर टल गया है.


जानकारी देते हुए स्टेट बैंक स्टाफ यूनियन के रीजनल सेक्रेटरी सौरभ राय ने बताया कि रविवार रात करीब 9:30 बजे IBA और UFBU के बीच बैठक हुई. बैठक में विभिन्न लंबित मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी. इसके बाद UFBU की ओर से प्रस्तावित आंदोलन और हड़ताल को स्थगित करने का निर्णय लिया गया.
शेष शनिवारों की छुट्टी पर बनेगी उच्चस्तरीय समिति
बैठक में सबसे अहम निर्णय शेष शनिवारों को अवकाश घोषित करने की मांग को लेकर लिया गया. इसके लिए IBA और UFBU की उच्चस्तरीय समिति तत्काल गठित की जाएगी. समिति सभी संभावित विकल्पों का अध्ययन करेगी और सभी संबंधित पक्षों से चर्चा करेगी. ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऐसा समाधान तलाशने का प्रयास किया जाएगा, जो सभी हितधारकों के लिए स्वीकार्य हो.
PLI योजना पर भी होगी चर्चा
स्केल-IV एवं उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए लागू परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना को लेकर भी बातचीत आगे बढ़ाने पर सहमति बनी है. यूनियनों और एसोसिएशनों की आपत्तियों को दूर करने के लिए आवश्यक संशोधनों का प्रस्ताव सरकार के समक्ष रखने की दिशा में IBA के साथ चर्चा की जाएगी.
लंबित मुद्दों के शीघ्र समाधान का प्रयास
इसके अलावा 8 मार्च 2024 के कार्यवृत्त में दर्ज शेष मुद्दों पर भी दोनों पक्षों के बीच बातचीत जारी रखने और उनका जल्द समाधान निकालने पर सहमति बनी है. बैठक के निर्णय के बाद फिलहाल बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों का आंदोलन टल गया है.
ग्राहकों को राहत : तीन दिवसीय हड़ताल स्थगित होने से बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होने की उम्मीद है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

