चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है. इसी क्रम में कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने देर रात कपाली टीओपी चौक पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया.


अभियान के दौरान टीओपी चौक से गुजरने वाले कार और मोटरसाइकिल सवारों को रोककर वाहनों की जांच की गई. पुलिस जवानों ने वाहनों की तलाशी लेने के साथ वाहन सवार लोगों से पूछताछ भी की. विशेष रूप से देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में आने-जाने वाले लोगों और वाहनों पर नजर रखी गई.

ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि देर रात वाहन जांच अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराध नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखना है. जांच के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके.
उन्होंने बताया कि कपाली ओपी क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में पुलिस पदाधिकारी और जवानों की तैनाती की गई है. पुलिस की अलग-अलग टीमें देर रात तक लगातार गश्त कर रही हैं. प्रमुख चौक-चौराहों के अलावा संवेदनशील स्थानों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है.
ओपी प्रभारी ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है. अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के साथ संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. देर रात वाहन जांच और पुलिस गश्ती अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
टीओपी चौक पर देर रात पुलिस की मौजूदगी और वाहनों की सघन जांच से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की सक्रियता साफ नजर आई. पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि किसी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
रिपोर्ट: अफरोज मलिक

